स्वच्छता पखवाड़ा के तहत रेलवे स्काउट एवं गाइड ने निकाली जागरूकता रैली

प्रयागराज। स्वच्छता के प्रति रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत 30 सितंबर को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज से हुआ। अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

जागरूकता रैली में रेलवे स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

रैली केंद्रीय चिकित्सालय से शुरू होकर पत्थर गिरजा घर, सुभाष चौराहा और रेलवे कॉलोनी प्रथम मार्ग होते हुए प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर संपन्न हुई। रास्ते में लोगों और रेल यात्रियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, प्रयागराज मंडल के जिला सचिव अभिषेक, सहसचिव मनोज यादव, पूर्व जिला संगठन आयुक्त सतपाल सिंह सहित राज, शिवम, अखिलेश, सुमन, रोहित, आशीष और रेलवे स्काउट एवं गाइड के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।

प्रयागराज मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ रेल, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।