स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, सामूहिक भागीदारी से बनेगा स्वच्छ वातावरण: वीणा सिन्हा

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता ही सेवा-2026 के समापन अवसर पर शुक्रवार को रेलवे ऑफिसर्स क्लब, इज्जतनगर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेलवे बोर्ड तथा पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशों के तहत ?स्वच्छ भारत दिवस?, स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत किया गया। समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार एवं सभी शाखा अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक भागीदारी का विषय है। उन्होंने रेलकर्मियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने स्कूली बच्चों, शिक्षकों और रेलकर्मियों से स्वच्छता को लेकर संवाद भी किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एवं पर्यावरण स्वच्छता प्रभारी नवीन शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में आयोजित विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं रेलवे स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, कविताओं और गीतों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।

समारोह में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभिन्न रेल इकाइयों और रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। निर्णायक समिति के मूल्यांकन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ स्टेशन का प्रथम पुरस्कार टनकपुर और द्वितीय पुरस्कार बहेड़ी को मिला।

सर्वश्रेष्ठ कोचिंग डिपो में प्रथम पुरस्कार कासगंज तथा द्वितीय पुरस्कार लालकुआं को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ रनिंग रूम का प्रथम पुरस्कार लालकुआं और द्वितीय पुरस्कार काठगोदाम को मिला। सर्वश्रेष्ठ कार्यालय का प्रथम पुरस्कार कार्मिक शाखा तथा द्वितीय पुरस्कार परिचालन शाखा को दिया गया।

इसी क्रम में सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी का प्रथम पुरस्कार स्टेशन कॉलोनी, मथुरा कैंट और द्वितीय पुरस्कार लोको कॉलोनी, इज्जतनगर को प्रदान किया गया। रेल आवासीय क्वार्टरों के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता व्यवस्था में सराहनीय योगदान देने वाले इज्जतनगर के तकनीशियन प्रमोद कुमार यादव, काठगोदाम के तकनीशियन सचिन कुमार, रामनगर के वरिष्ठ तकनीशियन सतीश चंद्रा, मथुरा कैंट के कारपेंटर दीपेंदर पाल तथा कासगंज के तकनीशियन सूर्याभान को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलवे स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही रेलवे की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ?सफाई मित्रों? को उनकी निरंतर और समर्पित सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर एवं पर्यावरण स्वच्छता प्रभारी नवीन शर्मा ने सभी अतिथियों, शाखा अधिकारियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और रेलवे परिसरों में विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से रेल परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।