सेवा संकल्प अभियान के तहत हरदोई में स्वच्छता जागरूकता रैली, डीएम, जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा जिलाध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने की अपील

हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी अनुनय झा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान स्वच्छता जागरूकता वाहनों को भी रवाना किया गया।
रैली के माध्यम से लोगों को अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। स्वच्छता कर्मियों ने जनसामान्य को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया जा सकता है।
रैली के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने स्वच्छ वातावरण के महत्व और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।