सीएसएमटी पर यात्रियों को राहत, दादर के बजाय अब तीन ट्रेनें पहुंचेंगी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास कार्य के बीच मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 75 दिनों के ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के दौरान दादर तक सीमित की गई तीन ट्रेनों का संचालन अब सीएसएमटी तक बहाल कर दिया गया है।

सीएसएमटी पुनर्विकास कार्य के पहले चरण में प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 के साथ स्टेबलिंग लाइन 15 पर बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक 75 दिनों का ब्लॉक लिया गया है।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 12112 अमरावती-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 22108 लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस और 22144 बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस का संचालन अब दादर के बजाय सीएसएमटी तक किया जाएगा।

ब्लॉक अवधि में जिन ट्रेनों का टर्मिनेशन किया जा रहा है, उन्हें उपलब्धता के अनुसार अन्य उपयुक्त प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किया जा रहा है। यह व्यवस्था प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 के उपलब्ध होने तक जारी रहेगी।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है।