सांभर लेक स्टेशन पर रुकेगी शालीमार मालानी एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

जयपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जम्मूतवी-बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार मालानी प्रतिदिन एक्सप्रेस के सांभर लेक स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव का निर्णय लिया है। ट्रेन का यह ठहराव 29 सितंबर 2026 से दोनों दिशाओं में शुरू होगा और आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस 29 सितंबर से सांभर लेक स्टेशन पर शाम 7:11 बजे पहुंचेगी और 7:13 बजे रवाना होगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 30 सितंबर से सांभर लेक स्टेशन पर सुबह 7:40 बजे पहुंचेगी और 7:42 बजे रवाना होगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव मिलने से सांभर लेक और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को जम्मूतवी, बाड़मेर समेत मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। रेलवे के इस निर्णय से स्थानीय यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त साधनों पर निर्भरता भी कम होगी।