शादी के उपहारों से भरा बैग ट्रेन में छूटा, जीआरपी ने तलाशकर महिला यात्री को लौटाया

कासगंज। बहन की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही महिला यात्री का शादी के उपहारों से भरा बैग जीआरपी पुलिस ने तलाश कर सकुशल लौटा दिया। बैग में शादी के उपहारों के साथ अन्य सामान भी रखा था।

फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल थाना क्षेत्र के रुदायन निवासी खैरुन्निसा पत्नी मोहम्मद सिराज (52) सोमवार को ट्रेन संख्या 15041 कासगंज एक्सप्रेस से गंजडुंडवारा जा रही थीं। उन्हें अपनी बहन की बेटी नसरीन की शादी में शामिल होना था। गंजडुंडवारा स्टेशन पर अधिक सामान और जल्दबाजी के चलते उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया। इसकी सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल ने स्टेशन पर तैनात जीआरपी कर्मियों को बैग तलाशने के निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों ने प्रयास कर बैग को उसमें रखे सभी सामान सहित बरामद कर लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला यात्री को सौंप दिया। बैग और शादी के उपहार सुरक्षित मिलने पर खैरुन्निसा ने जीआरपी पुलिस की त्वरित मदद की सराहना की।

बैग बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।