विधि शिक्षकों को कुरूद भेजने से छात्रों में भारी नाराजगी, महापौर से लगाई रोक लगाने की गुहार

विधि शिक्षकों को कुरूद भेजने से छात्रों में भारी नाराजगी, महापौर से लगाई रोक लगाने की गुहार

धमतरी। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विधि संकाय में अध्यापन कराने वाले छह शिक्षकों को नवीन महाविद्यालय कुरूद स्थानांतरित करने के कथित आदेश का विद्यार्थियों ने विरोध किया है। एलएलबी के छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित होने की आशंका जताते हुए नगर निगम पहुंचकर महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने और महाविद्यालय में अध्यापन व्यवस्था यथावत रखने की मांग की।

विद्यार्थियों का कहना है कि विधि संकाय में यही छह शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं लेते हैं। सभी शिक्षकों को एक साथ दूसरे महाविद्यालय भेजे जाने से उनके सामने पढ़ाई का संकट खड़ा हो सकता है। छात्रों ने चिंता जताई कि पर्याप्त शिक्षक नहीं रहने पर नियमित कक्षाओं का संचालन प्रभावित होगा और निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने में परेशानी आएगी। इसका असर आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर भी पड़ सकता है।

 

महापौर को सौंपे ज्ञापन में विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की। उनका कहना है कि कुरूद के नवीन महाविद्यालय में शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, लेकिन इसके लिए धमतरी के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। छात्रों ने सुझाव दिया कि नवीन महाविद्यालय में नए शिक्षकों की भर्ती कर अध्यापन की व्यवस्था की जाए।

विद्यार्थियों ने महापौर से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों तक उनकी समस्या पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों के एक साथ स्थानांतरण से उत्पन्न होने वाली स्थिति का समाधान समय रहते किया जाए, ताकि कक्षाएं और परीक्षा की तैयारी सुचारु रूप से जारी रह सके।

महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों की बात सुनने के बाद मामले में कलेक्टर से चर्चा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने समस्या का समाधान निकालने और शिक्षकों के कथित स्थानांतरण आदेश पर रोक लगवाने के लिए प्रयास करने की बात कही। विद्यार्थियों को अब प्रशासनिक स्तर पर होने वाली चर्चा और आगे के निर्णय का इंतजार है।