वाराणसी में लोजपा का शक्ति प्रदर्शन; 5 नवंबर की ‘नवसंकल्प सभा में चिराग पासवान होंगे मुख्य अतिथि

वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से आगामी 5 नवंबर को वाराणसी में विशाल ?नवसंकल्प सभा? का आयोजन किया जाएगा। सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें लोकप्रिय सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने सभा की तैयारियों और पार्टी की भावी रणनीति की जानकारी दी।

प्रेस वार्ता का संचालन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र कुमार ?मुन्ना? ने किया। अरुण भारती ने बताया कि नवसंकल्प सभा के माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाएगी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।

सुभासपा को झटका, कई नेता और कार्यकर्ता लोजपा में शामिल

प्रेस वार्ता के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से जुड़े दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से इसे पूर्वांचल में संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। नए सदस्यों ने चिराग पासवान के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए लोजपा (रामविलास) के साथ काम करने का संकल्प लिया। प्रदेश प्रभारी अरुण भारती की मौजूदगी में सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई कि नए नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुड़ने से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही आगामी नवसंकल्प सभा के जरिए पार्टी अपनी राजनीतिक सक्रियता को और तेज करेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी श्रीवास्तव, प्रदेश प्रधान महासचिव विकास पांडेय, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष आरती पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र गणेश, प्रदेश सचिव लोहा पांडेय, प्रदेश महासचिव धनंजय, प्रदेश महासचिव कमल तिवारी, वाराणसी मंडल प्रभारी आशुतोष सिंह, वाराणसी जिलाध्यक्ष आशीष पटेल, धर्मराज पासवान, सिद्धार्थ मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।