रेलवे की राउंड ट्रिप बुकिंग पर 50% छूट, किसानों और व्यापारियों को होगा फायदा

फिरोजपुर। रेलवे ने पार्सल और माल परिवहन को किफायती बनाने के लिए नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस ट्रेनों में आने-जाने की अग्रिम बुकिंग कराने पर वापसी यात्रा के भाड़े में 50% की छूट मिलेगी। रेलवे बोर्ड के फ्रेट मार्केटिंग सर्कुलर संख्या 26/2026 के तहत शुरू की गई यह योजना फिरोजपुर मंडल के किसानों, व्यापारियों और लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

नई व्यवस्था के तहत यदि कोई व्यापारी, एग्रीगेटर या लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता दोनों दिशाओं में पार्सल कोच की अग्रिम बुकिंग कराता है, तो उसे दोनों यात्राओं के लिए एक तरफ का पूरा भाड़ा और वापसी यात्रा के लिए 50% छूट देनी होगी। इस प्रकार दोनों तरफ की बुकिंग का कुल भाड़ा एक तरफ के भाड़े का 1.5 गुना होगा। बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया एक ही बार में पूरी की जा सकेगी, जिससे समय की बचत होगी। यह योजना एक वर्ष के लिए पायलट परियोजना के रूप में लागू की गई है।

रेलवे की इस पहल से आलू और किन्नू जैसी जल्दी खराब होने वाली कृषि उपज को देश के प्रमुख बाजारों तक किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे किसानों और व्यापारियों की परिवहन लागत कम करने में सहायता मिल सकती है।

फिरोजपुर मंडल में जालंधर सिटी, कपूरथला, बुटारी, सूरानस्सी, होशियारपुर, करतारपुर और मलसियां शाहकोट से मुख्य रूप से आलू की लोडिंग होती है, जबकि फाजिल्का से किन्नू की लोडिंग की जाती है।

रेलवे प्रशासन ने व्यापारियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स और कार्गो एग्रीगेटर्स से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे की इस पहल से रेल माल परिवहन को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।