रेलवन ऐप से आसान होगी रेल यात्रा, यात्रियों को बुकिंग समेत सुविधाओं की दी जानकारी

फिरोजपुर। यात्रियों को डिजिटल रेल सुविधाओं से जोड़ने और टिकट बुकिंग को और आसान बनाने के उद्देश्य से रेलवे की ओर से रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के नेतृत्व में 16 सितंबर को फिल्लौर स्टेशन पर अभियान आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान सीएमआई सहदेव सिंह, स्टेशन अधीक्षक और सीबीएस ने यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान चिप्स और बिस्कुट के 50 पैकेटों पर रेलवन के स्टीकर लगाए गए। इसके अलावा 50 टिकटों पर भी रेलवन ऐप के स्टीकर लगाए गए, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों तक ऐप की जानकारी पहुंचाई जा सके।

रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन पर 100 से अधिक यात्रियों को रेलवन ऐप के बारे में जागरूक किया। यात्रियों को बताया गया कि ऐप के माध्यम से आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग के साथ रेलवे की विभिन्न सेवाओं का लाभ आसानी से लिया जा सकता है।

रेलवे के इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल माध्यम से रेलवे की सुविधाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना और यात्रा से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाना है।