रेलवन ऐप यात्रियों के बीच तेजी से हो रहा लोकप्रिय, एक ही मंच पर मिल रहीं रेलवे की सभी सुविधाएं

रेलवन ऐप यात्रियों के बीच तेजी से हो रहा लोकप्रिय, एक ही मंच पर मिल रहीं रेलवे की सभी सुविधाएं

अनारक्षित टिकट बुकिंग पर मिल रही 3 प्रतिशत की छूट, लंबी कतारों से भी मिलेगी मुक्ति

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे का रेलवन ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस ऐप के माध्यम से रेलवे की कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की स्थिति जानने तक के लिए अलग-अलग माध्यमों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री पीएनआर की स्थिति, ट्रेन की लाइव लोकेशन, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग, कोच की स्थिति, प्लेटफॉर्म की जानकारी, ट्रेन की समय-सारणी, टिकट रद्द करने और रिफंड जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। स्मार्टफोन रखने वाले यात्री आसानी से इस ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों को छुट्टे पैसों की परेशानी और टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से भी राहत मिल रही है।

उन्होंने बताया कि फिरोजपुर मंडल की ओर से रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से भी यात्रियों को ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अधिक से अधिक रेलवन ऐप अपनाने की अपील की है, ताकि डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को बढ़ावा मिल सके।