यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा 6 जोड़ी विशेष ट्रेनें, बक्सर, पटना, बरौनी और गोरखपुर के लिए मिलेगी राहत

प्रयागराज। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विभिन्न रेल मार्गों पर विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत चर्लापल्ली, बक्सर, पटना, दानापुर, बरौनी, अहमदाबाद और गोरखपुर सहित कई प्रमुख शहरों के बीच विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार गाड़ी संख्या 07563 चर्लापल्ली-बक्सर विशेष ट्रेन 18 नवंबर को चर्लापल्ली से रात 23:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 03:30 बजे बक्सर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 07564 बक्सर-चर्लापल्ली विशेष ट्रेन 20 नवंबर को सुबह 08:30 बजे बक्सर से चलकर अगले दिन शाम 16:00 बजे चर्लापल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन काजीपेट, रामागुंडम, बल्हारशाह, गोंदिया, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ठहरेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 07611 नांदेड़-पटना वन-वे विशेष ट्रेन 18 नवंबर को रात 21:15 बजे नांदेड़ से रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:30 बजे पटना पहुंचेगी। रास्ते में पूर्णा, अकोला, खंडवा, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर में ठहराव होगा।

गाड़ी संख्या 07069 चर्लापल्ली-दानापुर विशेष ट्रेन 19 नवंबर को दोपहर 13:00 बजे चर्लापल्ली से रवाना होकर अगले दिन रात 00:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 07070 दानापुर-चर्लापल्ली विशेष ट्रेन 21 नवंबर को सुबह 03:00 बजे रवाना होकर उसी दिन सुबह 11:30 बजे चर्लापल्ली पहुंचेगी।

इसके अलावा एसएमवीटी बेंगलुरु से दानापुर के लिए गाड़ी संख्या 06529 और 06530 का संचालन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। दोनों ट्रेनें बेंगलुरु से रात 23:55 बजे रवाना होकर यलहंका, धर्मावरम, गुंतकल, रायचूर, सिकंदराबाद, काजीपेट, नागपुर, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए सुबह 04:00 बजे दानापुर पहुंचेंगी।

दक्षिण भारत से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 06139 पोदनूर-बरौनी वन-वे विशेष ट्रेन 18 नवंबर को सुबह 06:15 बजे पोदनूर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 13:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। यह ट्रेन तिरुपूर, ईरोड, सेलम, विजयवाड़ा, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, प्रयागराज छिवकी, चुनार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर और हाजीपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।

वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए अहमदाबाद-गोरखपुर-अहमदाबाद अनारक्षित विशेष ट्रेन भी चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 09439 अहमदाबाद-गोरखपुर विशेष ट्रेन 18 नवंबर को सुबह 01:00 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर 19 नवंबर को सुबह 06:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09440 गोरखपुर-अहमदाबाद विशेष ट्रेन 19 नवंबर को सुबह 10:50 बजे गोरखपुर से चलकर 20 नवंबर को दोपहर 14:00 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। रास्ते में दोनों दिशाओं में कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, आगरा, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।