मौसी की डांट से नाराज होकर घर से निकला 10 वर्षीय बच्चा, जीआरपी ने कासगंज स्टेशन पर खोजा

कासगंज। मौसी की डांट से नाराज होकर घर से निकला 10 वर्षीय बच्चा ट्रेन में बैठकर कासगंज पहुंच गया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बच्चा अकेला घूमता मिला। जीआरपी ने उससे जानकारी लेकर परिजनों से संपर्क किया और कुछ ही देर में परिजन स्टेशन पहुंच गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बदायूं जिले के उसैत थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ निवासी आशू उर्फ सोनू करीब 10 वर्ष अपनी मौसी मीरा पत्नी राजेंद्र निवासी कुआटांडा थाना कुंवरपुर, बदायूं के यहां रहकर पढ़ाई करता है। बच्चे के पिता दिव्यांग हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है। पढ़ाई करने और बाहर अधिक नहीं घूमने को लेकर मौसी ने बच्चे को समझाया और डांट दिया था। इससे नाराज होकर बच्चा बिना बताए घर से निकल गया।

बच्चा बदायूं से ट्रेन में बैठकर कासगंज रेलवे स्टेशन पहुंच गया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे जीआरपी को प्लेटफार्म नंबर एक पर बच्चा अकेला घूमता मिला। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसके बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल के निर्देश पर जीआरपी टीम ने बच्चे के परिजनों से संपर्क किया।

सूचना मिलने पर परिजन कासगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को उसके भाई आशीष, जीजा ऋषभ और मौसेरे भाई अंशु के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, कांस्टेबल जीतू कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार और महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।