मुरादाबाद में होटल सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग का सघन अभियान, व्यवस्थाएं परखी गईं

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग ने होटलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने किया।

अभियान के दौरान विभिन्न होटलों में अग्निशमन उपकरणों, आग से बचाव की व्यवस्थाओं तथा आपातकालीन निकास मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में होटल में ठहरे लोगों को सुरक्षित एवं सुगम तरीके से बाहर निकाला जा सके।

अग्निशमन अधिकारियों ने होटल संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने, अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने तथा आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खुला और सुगम रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के प्रति जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग के इस अभियान से होटल संचालकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। विभाग की सक्रियता से मुरादाबाद में नागरिकों और होटल में ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।