मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि को श्रद्धांजलि दी

देवरिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को देवरिया के बैतालपुर विकासखंड स्थित बरपार गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के व्यक्तित्व और उनके साथ जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों को याद करते हुए कहा कि उनका सैन्य एवं राजनीतिक जीवन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा। वे सरल, व्यावहारिक और अनुशासित व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने जीवनभर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार उनके अपने परिवार जैसा है और इस दुख की घड़ी में वे पूरी संवेदना के साथ परिजनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद की पत्नी शशि त्रिपाठी से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सलेमपुर विधायक एवं राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, बरहज विधायक दीपक मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अंतर्यामी सिंह, राजेश मिश्रा और पवन मिश्रा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सेना के अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सैन्य सम्मान दिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।