माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए बड़ी राहत, हिमकोटी मार्ग पर मरम्मत कार्य तय समय से पहले पूरा

कटड़ा। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। बारिश के बाद हिमकोटी क्षेत्र में ठंडा नाला के पास जमीन धंसने से प्रभावित मार्ग की मरम्मत का काम श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तेजी से पूरा कर लिया है। इंजीनियरों और तकनीकी टीम की लगातार मेहनत के चलते मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य एक सप्ताह से पहले ही पूरा कर लिया गया।

मार्ग प्रभावित होने के कारण सात सितंबर की रात से इस हिस्से में बैटरी कार सेवा को एहतियातन अस्थायी रूप से बंद किया गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्राइन बोर्ड ने तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कराया और इंजीनियरों की टीम ने दिन-रात जुटकर मार्ग को सुरक्षित बनाने का काम किया।

अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मार्ग की सुरक्षा और मजबूती को लेकर सभी आवश्यक मापदंडों की जांच की जा रही है। श्राइन बोर्ड की ओर से सुरक्षा मानकों को पूरी तरह सुनिश्चित किए जाने के बाद पहले मार्ग को पैदल श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। इसके बाद बैटरी कार चलाकर परीक्षण किया जाएगा और परीक्षण सफल रहने पर बैटरी कार सेवा बहाल करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही बैटरी कार सेवा शुरू की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा दोबारा मिल सकेगी।

हालांकि बैटरी कार सेवा बंद होने के दौरान श्रद्धालुओं को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पारंपरिक पुराना मार्ग वाया अर्धकुंवारी और सांझीछत पूरी तरह चालू रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से सुरक्षित रूप से माता के भवन की ओर पहुंच रहे हैं।

श्राइन बोर्ड की त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं में भी राहत है। बारिश के बाद उत्पन्न चुनौती के बीच मार्ग की मरम्मत का काम निर्धारित समय से पहले पूरा होना बोर्ड की तैयारियों और सुरक्षा के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट अथवा कटड़ा में हेल्पलाइन काउंटर से सीधे लाइव अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।