मां विंध्यवासिनी के भक्तों के लिए रेलवे की बड़ी सौगात, मिर्जापुर-उतरेटिया के बीच चलेगी अनारक्षित मेला स्पेशल

प्रयागराज। शारदीय नवरात्रि मेले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। मिर्जापुर-उतरेटिया-मिर्जापुर के बीच अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे प्रयागराज, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और मिर्जापुर समेत आसपास के क्षेत्रों से विंध्याचल धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

गाड़ी संख्या 04129/04130 मिर्जापुर-उतरेटिया-मिर्जापुर अनारक्षित मेला स्पेशल का संचालन 11 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन कुल 16 फेरे लगाएगी। विशेष ट्रेन में 12 मेमू कोच लगाए जाएंगे।

मिर्जापुर से शाम 4:05 बजे रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 04129 मिर्जापुर-उतरेटिया मेला स्पेशल 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन मिर्जापुर से शाम 4:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन विंध्याचल, मेजा रोड, नैनी, प्रयागराज जंक्शन, प्रयाग, कुंडा हरनामगंज, ऊंचाहार, रायबरेली और बछरावां स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 11:10 बजे उतरेटिया पहुंचेगी।

विंध्याचल स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शाम 4:13 से 4:18 बजे तक रहेगा, जबकि प्रयागराज जंक्शन पर यह शाम 6:10 से 6:40 बजे तक रुकेगी।

उतरेटिया से रात 1 बजे चलेगी वापसी ट्रेन

वापसी में गाड़ी संख्या 04130 उतरेटिया-मिर्जापुर मेला स्पेशल 12 से 27 अक्टूबर तक प्रतिदिन रात 1 बजे उतरेटिया से रवाना होगी। ट्रेन बछरावां, रायबरेली, ऊंचाहार, कुंडा हरनामगंज, प्रयाग, प्रयागराज जंक्शन, नैनी, मेजा रोड और विंध्याचल होते हुए सुबह 8:30 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन का विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव सुबह 7:45 से 7:50 बजे तक और प्रयागराज जंक्शन पर सुबह 5:25 से 5:55 बजे तक रहेगा।

लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

विंध्याचल धाम में शारदीय नवरात्रि के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मां विंध्यवासिनी के साथ मां अष्टभुजा और मां काली खोह के दर्शन कर श्रद्धालु त्रिकोण परिक्रमा भी करते हैं। इसके अलावा गंगा स्नान, महाआरती और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

रेलवे की इस विशेष पहल से लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और मिर्जापुर क्षेत्र से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को विंध्याचल धाम पहुंचने में अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी। अनारक्षित मेला स्पेशल के संचालन से नवरात्रि मेले के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालने में भी रेलवे को मदद मिलेगी।