महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बीकानेर-चूरू रेल मार्ग का किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का लिया जायजा

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बीकानेर-चूरू रेल मार्ग का किया निरीक्षण, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का लिया जायजा

श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ और चूरू स्टेशनों पर विकास कार्यों का निरीक्षण, रेलकर्मियों से किया सीधा संवाद

बीकानेर,उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान बीकानेर-चूरू रेल मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ और चूरू रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और रेल मार्ग के दोहरीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा विशेष निरीक्षण कार से बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। रास्ते में उन्होंने रेल पटरियों, सिग्नल, परिचालन और संरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। श्रीडूंगरगढ़ स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म का स्तर ऊंचा करने और उसकी लंबाई बढ़ाने के कार्य की प्रगति देखी तथा अधिकारियों से जानकारी ली।

इसके बाद महाप्रबंधक ने रतनगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने क्षेत्र की विभिन्न जन मांगों और यात्री सुविधाओं से संबंधित विषयों पर महाप्रबंधक से चर्चा की।

चूरू स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

महाप्रबंधक पंकज शर्मा चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में यात्री सुविधाओं की प्रगति देखी। इसके साथ ही उन्होंने चूरू स्टेशन की एकीकृत क्रू लॉबी का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

चूरू स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान महाप्रबंधक ने उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

संरक्षा संवाद में रेलकर्मियों से सीधा संवाद

महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण कर रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने रनिंग कर्मचारियों के साथ संरक्षा संवाद कार्यक्रम में सीधा संवाद किया। इस दौरान रेलकर्मियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव महाप्रबंधक के सामने रखे।

पंकज शर्मा ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। संरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए और निर्धारित नियमों व प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने रेलकर्मियों से सजगता, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल सहित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय और बीकानेर मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।