मध्य रेल में गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया संविधान दिवस, महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

मध्य रेल में गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया संविधान दिवस, महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन

संविधान के मूल्यों के प्रति रेलकर्मियों ने दोहराई प्रतिबद्धता

मुंबई। मध्य रेल द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के ऐतिहासिक भवन के फोयर में भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। कार्यक्रम में मध्य रेल के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

उद्देशिका के सामूहिक वाचन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों को बनाए रखने के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान संविधान के आदर्शों को अपनाने और उनके अनुरूप कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर मध्य रेल के विभिन्न मंडलों और कारखानों में भी संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।