मध्य रेल पर 2 रात विशेष ब्लॉक, डोंबिवली और घाटकोपर में पुलों का होगा काम; कई लोकल ट्रेनें प्रभावित

मध्य रेल पर 2 रात विशेष ब्लॉक, डोंबिवली और घाटकोपर में पुलों का होगा काम; कई लोकल ट्रेनें प्रभावित

डोंबिवली में गर्डर लॉन्चिंग और घाटकोपर में पुराने पुल को हटाने का काम

मुंबई। मध्य रेल द्वारा डोंबिवली और घाटकोपर रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। डोंबिवली स्टेशन पर नए उत्तरी पैदल ऊपरी पुल के गर्डर लॉन्च किए जाएंगे, जबकि घाटकोपर स्टेशन पर पुराने उत्तरी पैदल ऊपरी पुल के ट्रस को हटाया जाएगा। इन कार्यों के लिए 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि तथा 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को विशेष यातायात एवं विद्युत ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते कई लोकल और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव रहेगा।

रेलवे के अनुसार, डोंबिवली में गर्डर लॉन्चिंग का कार्य रोड क्रेनों की सहायता से किया जाएगा। इसके लिए 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि 01:20 बजे से 03:50 बजे तक दिवा और कल्याण के बीच अप एवं डाउन लाइनों पर ब्लॉक रहेगा। इसकी अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी।

3 लोकल ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी

ब्लॉक के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कसारा जाने वाली लोकल, जो रात 00:08 बजे रवाना होती है, और सीएसएमटी से कर्जत जाने वाली लोकल, जो रात 00:12 बजे रवाना होती है, उन्हें ठाणे और कल्याण के बीच डाउन फास्ट लाइन से चलाया जाएगा। ये दोनों ट्रेनें कोपर और ठाकुर्ली स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।

इसी तरह कर्जत से सीएसएमटी जाने वाली लोकल, जो रात 02:30 बजे रवाना होती है, उसे कल्याण और ठाणे के बीच अप फास्ट लाइन से चलाया जाएगा। यह ट्रेन भी ठाकुर्ली और कोपर स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। रेलवे ने यात्रियों से इन बदलावों को ध्यान में रखकर यात्रा करने की अपील की है।

31 अक्टूबर की रात भी रहेगा विशेष ब्लॉक

डोंबिवली में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि को भी रेल लाइनों पर कार्य किया जाएगा। इस दौरान डाउन एवं अप थ्रू लाइनों पर रात 01:20 बजे से 02:50 बजे तक, जबकि पांचवीं और छठी लाइन पर रात 01:20 बजे से सुबह 04:20 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

इसका असर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ट्रेन संख्या 22538 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस को ठाणे और दिवा के बीच डाउन फास्ट लाइन तथा दिवा और कल्याण के बीच डाउन स्लो लाइन से चलाया जाएगा। इस ट्रेन के 15 से 20 मिनट विलंब से चलने की संभावना है।

वहीं, ट्रेन संख्या 18030 शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18519 विशाखापत्तनम-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को कल्याण और दिवा के बीच अप फास्ट लाइन से चलाया जाएगा। इन दोनों ट्रेनों के गंतव्य पर 15 से 20 मिनट देरी से पहुंचने की संभावना है। परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार अन्य ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया जा सकता है।

घाटकोपर में पुराने पैदल पुल का ट्रस हटाया जाएगा

घाटकोपर स्टेशन पर पुराने उत्तरी पैदल ऊपरी पुल के ट्रस को हटाने के लिए 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि को विशेष ब्लॉक लिया जाएगा। यहां डाउन एवं अप थ्रू लाइनों पर रात 01:15 बजे से 02:30 बजे तक तथा डाउन एवं अप लोकल लाइनों पर रात 01:15 बजे से सुबह 03:45 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

इस दौरान मेल-एक्सप्रेस, विशेष और विलंब से चलने वाली ट्रेनों के संचालन में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।

मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित ब्लॉक और ट्रेनों के बदले हुए मार्ग को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने आवश्यक बुनियादी ढांचा कार्यों के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।