मध्य रेलवे का बड़ा फैसला: कसारा में 12 दिन का ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट; 18 अक्टूबर को मुंबई में मेगा ब्लॉक

मध्य रेलवे का बड़ा फैसला: कसारा में 12 दिन का ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट; 18 अक्टूबर को मुंबई में मेगा ब्लॉक

कसारा-आसनगांव तीसरी रेल लाइन के काम के चलते लोकल सेवाएं प्रभावित, कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव

मुंबई। मध्य रेलवे ने रेल लाइन विस्तार और आवश्यक रखरखाव कार्यों के चलते यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। कसारा यार्ड में आसनगांव-कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना और इगतपुरी की ओर यार्ड लाइन के विस्तार के लिए 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक विशेष यातायात एवं विद्युत ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते 17 और 18 अक्टूबर की मध्यरात्रि में लोकल ट्रेनों के साथ कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसके अलावा 18 अक्टूबर, रविवार को मुंबई मंडल में अलग से मेगा ब्लॉक भी संचालित किया जाएगा।

कसारा ब्लॉक से लोकल यात्रियों को परेशानी

मध्य रेलवे के अनुसार, 17 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे से 18 अक्टूबर को सुबह 3 बजे तक कसारा-खारडी और उंबरमाली-कसारा के बीच अप मुख्य लाइन पर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1, 3 और 4 सहित अप यार्ड पर भी कार्य किया जाएगा।

ब्लॉक के चलते आसनगांव और कसारा के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। कसारा जाने वाली कई लोकल ट्रेनों को आसनगांव स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा।

17 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से दोपहर 12:30 बजे से रात 9:30 बजे के बीच कसारा के लिए रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें आसनगांव तक ही चलेंगी। रात 10:47 बजे की लोकल वासिंद और 18 अक्टूबर को रात 12:08 बजे की लोकल खडवली स्टेशन तक ही जाएगी।

वहीं, 17 अक्टूबर को दोपहर 2:42 बजे से रात 10 बजे के बीच कसारा से रवाना होने वाली कई लोकल ट्रेनें आसनगांव से ही अपनी यात्रा शुरू करेंगी।

ब्लॉक से पहले कसारा के लिए अंतिम लोकल 17 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 11:42 बजे रवाना होगी। कसारा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए अंतिम लोकल दोपहर 1:31 बजे चलेगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल 18 अक्टूबर को सुबह 4:19 बजे और कसारा से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए पहली लोकल सुबह 3:51 बजे रवाना होगी।

कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी रद्द

ब्लॉक के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इनमें अमरावती-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, नागपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस सेवाग्राम एक्सप्रेस, मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस, मुंबई-धुले एक्सप्रेस, मुंबई-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस, मुंबई-बल्लारशाह एक्सप्रेस और मुंबई-मनमाड पंचवटी एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा मनमाड-मुंबई पंचवटी एक्सप्रेस, धुले-मुंबई एक्सप्रेस, साईंनगर शिरडी-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और बल्लारशाह-मुंबई एक्सप्रेस भी निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी।

कुछ ट्रेनों का संचालन बीच के स्टेशनों तक सीमित रहेगा। नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस 17 अक्टूबर को नासिक रोड तक, जबकि नांदेड़-मुंबई जनशताब्दी और तपोवन एक्सप्रेस मनमाड तक ही चलेंगी। वापसी दिशा में मुंबई-नांदेड़ तपोवन और जनशताब्दी एक्सप्रेस मनमाड से तथा मुंबई-नांदेड़ वंदे भारत एक्सप्रेस नासिक रोड से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव

रेलवे ने कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। 16 अक्टूबर को यात्रा शुरू करने वाली हावड़ा-मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हावड़ा से रात 8:55 बजे, बलिया-एलटीटी कामायनी एक्सप्रेस को शाम 5:15 बजे, गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस को शाम 7:20 बजे और जयनगर-एलटीटी एक्सप्रेस को शाम 5:10 बजे रवाना किया जाएगा।

वहीं, 17 अक्टूबर को चलने वाली कई ट्रेनों को पुनर्निर्धारित समय के अनुसार 18 अक्टूबर की मध्यरात्रि के बाद रवाना किया जाएगा। इनमें दादर-साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस, एलटीटी-शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, मुंबई-नागपुर दुरंतो एक्सप्रेस, मुंबई-हावड़ा मेल, एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस, एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और मुंबई-अमृतसर एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त कुछ ट्रेनों को जलगांव-नंदुरबार-वसई रोड-पनवेल, जलगांव-नंदुरबार-वसई रोड-ठाणे तथा मनमाड-पुणे-लोनावला-कल्याण मार्ग से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को निर्धारित स्टेशनों पर रोककर भी संचालित किया जाएगा।

18 अक्टूबर को मुंबई मंडल में मेगा ब्लॉक

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में रविवार, 18 अक्टूबर को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। ठाणे और कल्याण के बीच पांचवीं तथा छठी लाइन पर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक कार्य किया जाएगा।

इस दौरान सोलापुर-मुंबई वंदे भारत, पुणे-मुंबई सिंहगढ़ एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, मंगलुरु-मुंबई एक्सप्रेस, राजगीर-एलटीटी जनता एक्सप्रेस, बनारस-एलटीटी सुपरफास्ट और हावड़ा-मुंबई मेल सहित कई ट्रेनें अप फास्ट लाइन से चलाई जाएंगी। वहीं, मुंबई-कोल्हापुर कोयना एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर गोडान एक्सप्रेस, एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस और एलटीटी-तिरुवनंतपुरम नेत्रावती एक्सप्रेस डाउन फास्ट लाइन से चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने में लगभग 10 से 15 मिनट की देरी हो सकती है।

वसई रोड-दिवा मेमू सेवा भी प्रभावित रहेगी। सुबह 9:50 बजे वसई रोड से चलने वाली ट्रेन कोपर स्टेशन पर समाप्त होगी, जबकि दिवा से सुबह 11:30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन कोपर से सुबह 11:45 बजे चलेगी। दिवा और कोपर के बीच मेमू सेवा रद्द रहेगी।

हार्बर और ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी असर

पनवेल और वाशी के बीच हार्बर तथा ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली हार्बर लोकल सुबह 10:33 बजे से दोपहर 3:49 बजे तक तथा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से बेलापुर-पनवेल जाने वाली लोकल सुबह 9:45 बजे से दोपहर 3:12 बजे तक रद्द रहेंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर पनवेल से ठाणे जाने वाली लोकल सुबह 11:02 बजे से दोपहर 3:53 बजे तक और ठाणे से पनवेल जाने वाली लोकल सुबह 10:01 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक रद्द रहेंगी।

हालांकि, ब्लॉक के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई-वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ठाणे-वाशी और ठाणे-नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन पर भी ट्रेनें चलती रहेंगी।

यात्रियों से रेलवे की अपील

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि रेल लाइन विस्तार, बुनियादी ढांचे के रखरखाव और सुरक्षित परिचालन के लिए ये कार्य आवश्यक हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, बदले हुए समय और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।