बिजनौर में 10 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट, 36 लोगों को दिया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

बिजनौर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से बुधवार, 23 सितंबर को विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन और पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में स्कीम नंबर-05 के तहत जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा एवं बचाव की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।

प्रभारी अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद, नगीना, बिजनौर और धामपुर की टीमों ने अभियान के दौरान होटल, ढाबा, रिसॉर्ट एवं अन्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत कुल 10 स्थानों का निरीक्षण किया गया और वहां मौजूद 36 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने तथा सुरक्षा उपायों का पालन करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान होटल पार्क, होटल अनमोल, होटल हेवन और पंकज होटल सिविल लाइन बिजनौर, राजपूताना रिसॉर्ट होटल एवं बैंक्वेट हॉल और होटल वैलीना धामपुर, शिव ढाबा यात्री प्लाजा एवं शिवा फैमिली ढाबा कोतवाली देहात, झिलमिल फैमिली ढाबा तथा नीलकंठ गढ़वाल भोजनालय नजीबाबाद का निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग ने कहा कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य प्रतिष्ठानों में आग से बचाव के इंतजामों को बेहतर करना और किसी भी आपात स्थिति में जनहानि की संभावना को कम करना है।