बिजनौर में अग्निशमन विभाग का फायर ऑडिट अभियान, 10 प्रतिष्ठानों की जांच

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश और पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश के अनुपालन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में 24 सितंबर को जनपद में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया।

स्कीम नंबर-05 के तहत नजीबाबाद, नगीना, बिजनौर और धामपुर अग्निशमन केंद्रों के प्रभारियों ने विभिन्न होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस और ब्यूटी पार्लर का फायर ऑडिट किया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकासी और बचाव इंतजामों का जायजा लिया गया।

अभियान के दौरान कुल 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और वहां मौजूद 45 कर्मचारियों एवं लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित व जागरूक किया गया। संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के आवश्यक उपायों तथा सुरक्षित निकासी के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के तहत कँग पंजाबी ढाबा गुलालवाली, इंडियन फैमिली रेस्टोरेंट आजाद चौक नजीबाबाद, रविंद्रा होटल, शिप्रा होटल, रजत रेजिडेंसी, रुद्रा ढाबा, हिमाचली पंजाब टूरिस्ट ढाबा, डेस्टिनी गेस्ट हाउस एंड रेस्टोरेंट, गोयल गैलेक्सी गेस्ट हाउस तथा हर्षिता ब्यूटी पार्लर का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अग्निशमन विभाग की ओर से लगातार ऐसे अभियान चलाकर प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है, ताकि आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।