बाल वाटिका के बच्चों को सिखाया पौष्टिक आहार का महत्व, ग्रोथ मॉनिटरिंग भी हुई

प्रयागराज। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ओर से 6 अक्टूबर को बाल वाटिका में बच्चों के लिए पोषण जागरूकता एवं ग्रोथ मॉनिटरिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस और सदस्य मानसी जैन मौजूद रहीं।

गुलशन वारिस ने बच्चों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ अर्पणा सक्सेना ने बच्चों को संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थों के चयन, पर्याप्त पानी पीने और जंक फूड का सेवन सीमित करने की जानकारी सरल तरीके से दी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग भी की गई और उनके शारीरिक विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पोषण से जुड़े सवाल भी पूछे।

परिवार नियोजन विभाग की टीम ने कार्यक्रम में सहयोग किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, विद्यालय की प्रधानाचार्या और शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ खान-पान और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।