फिरोजपुर मंडल रेलवे चिकित्सालय में आधुनिक बोन मैरो थेरेपी की शुरुआत, हड्डियों और जोड़ों के मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

फिरोजपुर मंडल रेलवे चिकित्सालय में आधुनिक बोन मैरो थेरेपी की शुरुआत, हड्डियों और जोड़ों के मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के नेतृत्व में शुरू हुई नई सुविधा, रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सेवा

फिरोजपुर। रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेलवे चिकित्सालय फिरोजपुर में बोन मैरो एस्पिरेट कंसंट्रेट (बीएमएसी) थेरेपी की सुविधा शुरू कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के नेतृत्व में इस आधुनिक उपचार पद्धति की शुरुआत की गई है।

अर्थोसर्जन डॉ. अमित शेरसिया ने बताया कि बीएमएसी थेरेपी हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों के लिए उपचार का एक आधुनिक विकल्प है। इस तकनीक के माध्यम से घुटने, कूल्हे और टखने के ऑस्टियोआर्थराइटिस, मेनिस्कस एवं कार्टिलेज की चोट, टेंडन संबंधी चोट, रोटेटर कफ की समस्या तथा कूल्हे की हड्डी में रक्त की आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं के उपचार में मरीजों को लाभ मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक उपचार विकल्प उपलब्ध होगा और उन्हें बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

फिरोजपुर मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार आधुनिक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडल रेलवे चिकित्सालय में नई चिकित्सा तकनीकों को शामिल करने की यह पहल रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।