फिरोजपुर मंडल की माल ढुलाई में बड़ी उपलब्धि, सितंबर में 123.07 करोड़ रुपये का राजस्व

फिरोजपुर मंडल की माल ढुलाई में बड़ी उपलब्धि, सितंबर में 123.07 करोड़ रुपये का राजस्व

पिछले वर्ष की तुलना में 45 प्रतिशत अधिक कमाई, निर्धारित लक्ष्य से 80 प्रतिशत ज्यादा राजस्व अर्जित

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने सितंबर 2026 में माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 123.07 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में हासिल हुई इस उपलब्धि के तहत मंडल ने पिछले वित्त वर्ष के सितंबर माह की तुलना में 45 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त किया। वहीं प्रधान कार्यालय की ओर से निर्धारित लक्ष्य से 80 प्रतिशत अधिक कमाई दर्ज की गई।

माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में खाद्यान्न की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही। खाद्यान्न के परिवहन से 96.84 करोड़ रुपये, पीएफजी लोडिंग से 11.26 करोड़ रुपये और बीओजी लोडिंग से 6.32 करोड़ रुपये की आय हुई। मंडल की इस उपलब्धि से माल परिवहन के क्षेत्र में उसकी बेहतर कार्यक्षमता और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों का पता चलता है।

ई-नीलामी से शुरू की गईं नई पहल

माल ढुलाई को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सितंबर माह में ई-नीलामी के माध्यम से कई नई पहल शुरू की गईं। इनमें त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में वीपी लीज, जननायक एक्सप्रेस और पंजाब मेल में एसएलआर लीज तथा जालंधर सिटी गुड्स शेड में फूड वैन की सुविधा शामिल है। इन अनुबंधों से कुल 8.785 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

नए माल शेड और परिवहन सेवाओं से बढ़ा कारोबार

फिरोजपुर मंडल ने ढिलवां गुड्स शेड से पहली बार माल लदान कर नई उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा मुंडियामपक्कम और साहनेवाल के बीच पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की गई। लुधियाना से हावड़ा, कोलकाता और गुवाहाटी के लिए पहली बार पर्सिमोन फल की ढुलाई भी की गई, जिससे माल परिवहन के नए अवसर खुले हैं।

वहीं होशियारपुर गुड्स शेड से ब्लास्ट लोडिंग के अंतर्गत 761 वैगनों में लगभग 49,453 टन माल का परिवहन किया गया। इससे करीब 24 लाख रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।

व्यापारियों से लगातार संपर्क पर जोर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं माल ढुलाई प्रभारी परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए नई वस्तुओं और नए माल ग्राहकों की पहचान कर रहा है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के माध्यम से व्यापारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। साथ ही तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल माल परिवहन सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंडल की इन पहलों का उद्देश्य माल ढुलाई सुविधाओं का विस्तार करना, रसद संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना और माल की आवाजाही को अधिक कुशल बनाना है। इन प्रयासों से ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में भी वृद्धि हो रही है।