प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएसएफ जवानों ने दो महिला यात्रियों की बचाई जान

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान आरपीएसएफ जवानों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए दो महिला यात्रियों की जान बचाई। घटना 27 सितंबर की रात की है।

प्रयागराज एक्सप्रेस रात करीब 10:10 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना हुई थी। ट्रेन के धीरे-धीरे आगे बढ़ने के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिर गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएसएफ जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला यात्री को सुरक्षित बचाने का प्रयास शुरू किया।

इसी दौरान ट्रेन में सवार एक अन्य महिला यात्री रामदुलारी, गिरी हुई महिला को देखने के प्रयास में नीचे गिर गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। इसके बाद आरपीएसएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रामदुलारी को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला।

दोनों महिला यात्रियों की पहचान गीता देवी, पत्नी ओमप्रकाश, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी काशीपुर, थाना सैफई, जिला इटावा और रामदुलारी, पत्नी राजू, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी काशीपुर, थाना सैफई, जिला इटावा के रूप में हुई।

दोनों की जान बचाने में आरपीएसएफ सेकेंड बटालियन के सहायक उपनिरीक्षक महेश कुमार हरितवाल, आरक्षक प्रवेश कुमार और आरक्षक बसंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जवानों ने समय रहते स्थिति को भांपकर कार्रवाई की, जिससे दोनों महिला यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा सका।

घटना के बाद दोनों महिला यात्रियों ने आरपीएसएफ जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनकी तत्परता एवं सहायता की सराहना की। रेलवे की ओर से यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास नहीं करने की अपील की गई है।