पीईटी परीक्षा के चलते हरदोई में आज बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल, डीएम-एसपी ने संभाली कमान, किसी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था न होने के निर्देश

हरदोई। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के आयोजन को लेकर शुक्रवार 30 अक्टूबर को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी विद्यालयों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। इसके तहत कक्षा 12 तक के स्कूल भी बंद रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 शुक्रवार को आयोजित होनी है। शासन के निर्देशों के क्रम में परीक्षा वाले जनपदों में 30 अक्टूबर को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। इसी के तहत हरदोई के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रहेगा। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
उधर, परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा परीक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था न होने पाए।
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़े सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।