न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन को मिलेगी आधुनिक सुविधाओं की नई पहचान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने पुनर्विकास कार्यों का किया विस्तृत निरीक्षण

न्यू जलपाईगुड़ी। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के व्यापक आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने 27 अगस्त 2026 को स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय (निर्माण) के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित मंडल के अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इनमें आगमन टर्मिनल भवन, प्रस्थान टर्मिनल, एलिवेटेड रोड, पोडियम पार्किंग, एयर कॉनकोर्स, नए फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म विकास, सतही सड़कें तथा अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।

पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन परिसर में यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, यात्रियों के लिए सुविधाजनक ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र तथा स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है।

आशीष बंसल ने विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लेते हुए कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन आधुनिक बुनियादी ढांचे और उन्नत यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होगा।

कटिहार मंडल के अंतर्गत आने वाला न्यू जलपाईगुड़ी जंक्शन उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण रेलवे प्रवेश द्वार है। स्टेशन के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास से इसकी क्षमता एवं यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में रेल यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे