नवागत डीएम राहुल पांडे ने कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश, बोले- आमजन को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े

हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पांडे ने मंगलवार को ट्रेजरी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न कार्यालयों के पटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित में कार्य करने तथा शासन की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
राहुल पांडे ने सभी विभागों में कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारी मौजूद रहे।