दीपावली और छठ पूजा पर अजमेर मंडल से 28 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के 63 फेरे संचालित

अजमेर। दीपावली के बाद लौटने वाले यात्रियों और छठ पूजा पर घर जाने वाले लोगों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया। मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से 28 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के कुल 63 फेरे सफलतापूर्वक संचालित किए गए। इन ट्रेनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिली और उनकी यात्रा सुगम बनी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि 06 से 08 नवंबर और 13 से 15 नवंबर 2026 के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। पहले चरण में 31 और दूसरे चरण में 32 फेरे लगाए गए। इस तरह कुल 63 फेरे संचालित हुए।

इनमें सबसे अधिक 40 फेरे अजमेर स्टेशन से संबंधित स्पेशल ट्रेनों के रहे। इनमें अजमेर-रांची, योग नगरी ऋषिकेश-अजमेर और सोलापुर-अजमेर जैसी ट्रेनें शामिल रहीं। इसके अलावा मदार जंक्शन से 14, उदयपुर सिटी से 4 और मारवाड़ जंक्शन से 3 फेरे संचालित किए गए।

इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से अजमेर मंडल को बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, प्रयागराज, तिरुवनंतपुरम, रांची, पटना, मुजफ्फरपुर, श्रीगंगानगर, इंदौर, वेरावल, भावनगर, खजुराहो, कोयंबटूर और योग नगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ा गया। यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों में 9 से 24 डिब्बों तक के रैक लगाए गए। इनमें 23 फेरे आधुनिक एलएचबी और 40 फेरे आईसीएफ श्रेणी के रैक से संचालित हुए।

रेलवे के इन विशेष इंतजामों से त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को संभालने में मदद मिली और यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन का विकल्प उपलब्ध हुआ।