दिल्ली-अंबाला रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते 14 अक्टूबर को कई ट्रेनें प्रभावित

उत्तर रेलवे के दिल्ली-अंबाला रेलखंड पर लेवल क्रॉसिंग संख्या 77 के स्थान पर सीमित ऊंचाई वाले सबवे के निर्माण के लिए पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 14 अक्टूबर 2026 को कई रेल सेवाओं के संचालन में बदलाव रहेगा।

आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी:

गाड़ी संख्या 11905 आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग नई दिल्ली-पानीपत-अंबाला-चंडीगढ़-लुधियाना के बजाय नई दिल्ली-जाखल-धूरी-लुधियाना होकर संचालित होगी। इस दिन ट्रेन का पानीपत, करनाल, अंबाला और चंडीगढ़ स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

कटड़ा-सूबेदारगंज एक्सप्रेस दो घंटे देरी से चलेगी:

गाड़ी संख्या 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-सूबेदारगंज एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से 120 मिनट यानी दो घंटे की देरी से रवाना होगी। ट्रेन कटड़ा से शाम 5:15 बजे प्रस्थान करेगी।

कालका-हावड़ा एक्सप्रेस 15 मिनट नियंत्रित रहेगी:

गाड़ी संख्या 13052 कालका-हावड़ा एक्सप्रेस को 14 अक्टूबर को तरावड़ी स्टेशन पर 15 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि 14 अक्टूबर को यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग, ठहराव और प्रस्थान समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।