दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की हत्या के मामले में सास-ससुर गिरफ्तार

मुरादाबाद। कटघर थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की हत्या के मामले में आरोपी सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सिरसा इनायतपुर उर्फ दौड़बाग निवासी एसान पुत्र सूखा, उम्र करीब 46 वर्ष और उसकी पत्नी नसीमा, उम्र करीब 44 वर्ष को 13 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे गिरफ्तार किया गया।

मामला वादिनी सीमा खातून, निवासी गुड़िया बाग, नवाबपुरा, थाना नागफनी की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार उनकी करीब 22 वर्षीय बेटी नेहा को ससुराल में दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नेहा की हत्या कर दी गई।

इस मामले में कटघर थाने में मुकदमा संख्या 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85/80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना 9 सितंबर की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ग्राम दौड़बाग में हुई बताई गई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार, महिला उपनिरीक्षक सोनम पूनिया और आरक्षी विजय शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।