त्योहारों पर रेलवे का बड़ा तोहफा, पटना और नई दिल्ली के बीच चलेगी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर रेलवे का बड़ा तोहफा, पटना और नई दिल्ली के बीच चलेगी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन

16 फेरों में होगा संचालन, प्रयागराज और कानपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने पटना और नई दिल्ली के बीच आरक्षित वंदे भारत त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02253/02254 के संचालन से यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। यह विशेष ट्रेन कुल 16-16 फेरों के लिए निर्धारित की गई है।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 02253 पटना?नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल 24 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार, सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 02254 नई दिल्ली?पटना वंदे भारत स्पेशल 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। ट्रेन में वंदे भारत के 20 कोच होंगे।

पटना से रात 11:30 बजे पहुंचेगी नई दिल्ली

ट्रेन संख्या 02253 पटना से सुबह 10:00 बजे रवाना होगी। रास्ते में आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव के बाद रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन आरा में 10:38 से 10:40 बजे, बक्सर में 11:25 से 11:27 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 13:10 से 13:20 बजे, प्रयागराज जंक्शन पर 15:35 से 15:40 बजे, कानपुर सेंट्रल पर 17:50 से 17:55 बजे और अलीगढ़ जंक्शन पर 20:53 से 20:55 बजे रुकेगी।

नई दिल्ली से सुबह 08:35 बजे चलेगी ट्रेन

वापसी में ट्रेन संख्या 02254 नई दिल्ली?पटना वंदे भारत स्पेशल नई दिल्ली से सुबह 08:35 बजे प्रस्थान करेगी। यह अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 21:30 बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में अलीगढ़ जंक्शन पर 10:21 से 10:23 बजे, कानपुर सेंट्रल पर 13:30 से 13:35 बजे, प्रयागराज जंक्शन पर 15:45 से 15:50 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 18:00 से 18:10 बजे, बक्सर में 19:26 से 19:28 बजे और आरा में 20:10 से 20:12 बजे ठहराव निर्धारित किया गया है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही इस विशेष ट्रेन से पटना, प्रयागराज, कानपुर और नई दिल्ली सहित मार्ग के अन्य प्रमुख शहरों के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।