त्योहारी सीजन में रेलवे का मेगा टिकट जांच अभियान, 333 मामले पकड़े, 2.16 लाख रुपये जुर्माना वसूला

त्योहारी सीजन में रेलवे का मेगा टिकट जांच अभियान, 333 मामले पकड़े, 2.16 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जोधपुर मंडल में बिना टिकट यात्रियों पर सख्त कार्रवाई

जोधपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में शनिवार को लूनी जंक्शन को केंद्र बनाकर चलाए गए मेगा टिकट जांच अभियान में एक ही दिन में 333 मामले पकड़े गए। रेलवे ने इन मामलों में कुल 2 लाख 16 हजार 190 रुपये का जुर्माना वसूला।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक बीके गौड़ के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने के 332 मामले सामने आए, जिनमें 2 लाख 15 हजार 190 रुपये की वसूली की गई। वहीं, ट्रेन में गंदगी फैलाने के एक मामले में 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

28 कर्मचारियों की टीम ने की औचक जांच

मेगा अभियान में 22 टिकट जांच कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल के 6 जवानों सहित कुल 28 कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने जोधपुर-लूनी-पाली मारवाड़, लूनी-समदड़ी-भीलड़ी और लूनी-बाड़मेर रेलमार्ग पर संचालित विभिन्न ट्रेनों में औचक जांच की। इस दौरान यात्रियों के टिकटों की जांच करने के साथ उन्हें उचित टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया।

वैध टिकट वाले यात्रियों के हितों की सुरक्षा पर जोर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना और वैध टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा करना है। रेलवे ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टिकट जांच अभियान के माध्यम से नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेल परिसर तथा ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। नियमों का पालन करने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेल यात्रा अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।