ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी बेहतर शौचालय सुविधाएं, डी मार्ट फाउंडेशन करेगा रखरखाव

ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी बेहतर शौचालय सुविधाएं, डी मार्ट फाउंडेशन करेगा रखरखाव

मध्य रेल ने डी मार्ट फाउंडेशन के साथ किया पांच साल का समझौता

मुंबई। रेल यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मध्य रेल ने महत्वपूर्ण पहल की है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) में सफल संचालन के बाद अब ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशनों पर भी डी मार्ट फाउंडेशन के सहयोग से शौचालय सुविधाओं का उन्नयन और रखरखाव किया जा रहा है। इसके लिए मध्य रेल के मुंबई मंडल और डी मार्ट फाउंडेशन के बीच पांच वर्ष का समझौता किया गया है।

इस पहल के तहत ठाणे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर उन्नत महिला शौचालय और पुरुष मूत्रालय की सुविधाएं 5 नवंबर 2026 को यात्रियों के लिए खोल दी गई हैं। महिला शौचालय में 4 इकाइयां बनाई गई हैं, जिनमें भारतीय और पश्चिमी शैली के शौचालय शामिल हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं पुरुषों के लिए 11 मूत्रालय और 3 शौचालय बनाए गए हैं। साफ-सफाई और रखरखाव के लिए 6 कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है।

इसी तरह कल्याण रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 और 6/7 पर स्थित दो शौचालय ब्लॉकों का उन्नयन कर 28 अगस्त 2026 को यात्रियों के लिए खोल दिया गया था। यहां महिला यात्रियों के लिए 9 शौचालय इकाइयां और पुरुषों के लिए 9 मूत्रालय तथा 4 शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। इन सुविधाओं के नियमित रखरखाव के लिए 19 कर्मचारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे।

मध्य रेल के अनुसार, इन उन्नत सुविधाओं का लाभ यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मिलेगा। डी मार्ट फाउंडेशन द्वारा स्वच्छता और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने से यात्रियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। इससे शौचालयों की साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है।

इससे पहले मध्य रेल और डी मार्ट फाउंडेशन की साझेदारी के तहत सीएसएमटी, भायखला और घाटकोपर रेलवे स्टेशनों पर भी शौचालय सुविधाओं के रखरखाव का कार्य किया जा चुका है। मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर और सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है।