छह महीने में ही 285 करोड़ का स्क्रैप लक्ष्य हासिल, उत्तर मध्य रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित वार्षिक स्क्रैप निस्तारण लक्ष्य को हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। रेलवे बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे को 285 करोड़ रुपये का वार्षिक लक्ष्य दिया था, जिसके मुकाबले रेलवे ने छह महीने में ही 286.79 करोड़ रुपये का स्क्रैप निस्तारण कर लक्ष्य को पार कर लिया।

इस उपलब्धि को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के दिशा-निर्देश और प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस.पी. द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं प्रभावी रणनीति का परिणाम बताया गया है।

स्क्रैप के त्वरित निस्तारण से रेलवे को राजस्व लाभ मिलने के साथ ही रेल परिसरों में अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ कम हुआ है। इससे परिसर अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और कबाड़ मुक्त बनाने में भी मदद मिली है। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पूरे जोन को स्क्रैप मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया है।