गांधीनगर में रेलवे क्रॉसिंग 25 अक्टूबर तक बंद, वैकल्पिक मार्ग से गुजरें वाहन चालक

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में गांधीनगर यार्ड और गुजरात इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (जीईबी) पावर प्लांट, पेथापुर के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 5 (जीईबी गेट) को सड़क निर्माण कार्य के चलते 12 दिनों के लिए बंद किया जा रहा है।

रेलवे के अनुसार, क्रॉसिंग पर कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके चलते यह रेलवे क्रॉसिंग 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 08:00 बजे से 25 अक्टूबर 2026 को शाम 20:00 बजे तक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगी।

इस दौरान वाहन चालकों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। यात्री और वाहन चालक रेलवे क्रॉसिंग संख्या 4 (जीईबी गेट) का उपयोग कर सकेंगे। यह वैकल्पिक मार्ग घ-7 सर्कल, ग-7 सर्कल, ख-7 सर्कल से चारेड़ी चौकड़ी होते हुए पेथापुर की ओर जाता है।

रेलवे ने सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।