कोटा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पुनर्विकास कार्य, चार ट्रेनों का मार्ग बदला

जयपुर। पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से कोटा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पुनर्विकास कार्य कराया जा रहा है। कार्य के लिए लिए जा रहे ब्लॉक के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे से संचालित चार रेल सेवाओं का मार्ग परिवर्तित किया गया है। मार्ग परिवर्तन के दौरान इन ट्रेनों का कोटा स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा, बल्कि सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर रेल सेवा 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक भोपाल से रवाना होने पर सोगरिया-कोटा सी केबिन-गुड़ला होकर संचालित होगी। यह ट्रेन कोटा स्टेशन पर नहीं रुकेगी और सोगरिया स्टेशन पर रात 2:10 बजे पहुंचेगी तथा 2:20 बजे रवाना होगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक परिवर्तित मार्ग गुड़ला-कोटा सी केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। ट्रेन का कोटा स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। सोगरिया स्टेशन पर रात 11:30 बजे आगमन और 11:40 बजे प्रस्थान का अस्थायी ठहराव रहेगा।

गाड़ी संख्या 12181 जबलपुर-अजमेर 29 सितंबर से 17 अक्टूबर तक परिवर्तित मार्ग सोगरिया-कोटा सी केबिन-गुड़ला होकर संचालित होगी। यह ट्रेन भी कोटा स्टेशन पर नहीं रुकेगी। सोगरिया स्टेशन पर सुबह 6:35 बजे पहुंचकर 6:45 बजे रवाना होगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 12182 अजमेर-जबलपुर 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक गुड़ला-कोटा सी केबिन-सोगरिया होकर संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इसका कोटा स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। ट्रेन सोगरिया स्टेशन पर रात 9:50 बजे पहुंचेगी और 10 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन के मार्ग और अस्थायी ठहराव की जानकारी अवश्य देख लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।