कैसरगंज अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी के स्थानांतरण की मांग मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जांच की अपील।

रिपोर्ट जे पी गोस्वामी। बहराइच/कैसरगंज। महारानी पद्मावती यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष भवानी ठाकुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कैसरगंज स्थित सरकारी अस्पताल में लंबे समय से तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एन.के. सिंह के स्थानांतरण की मांग की है।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में भवानी ठाकुर ने दावा किया है कि डॉ. एन.के. सिंह पिछले करीब 25 वर्षों से कैसरगंज में तैनात हैं। उन्होंने चिकित्साधिकारी पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप लगाते हुए कहा कि अपने प्रभाव के चलते वह लंबे समय से यहां जमे हुए हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि इसको लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों में नाराजगी है।भवानी ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि डॉ. एन.के. सिंह का तत्काल सोनभद्र, मिर्जापुर अथवा वाराणसी जैसे दूरस्थ जनपदों में स्थानांतरण किया जाए तथा उनके कार्यकाल और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।पत्र में भवानी ठाकुर ने अपने पूर्व में भेजे गए 11 अक्टूबर 2021 के पत्र का भी हवाला दिया है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था।अब मुख्यमंत्री को भेजे गए नए पत्र के बाद कैसरगंज सरकारी अस्पताल में लंबे समय से तैनात चिकित्साधिकारी के स्थानांतरण और लगाए गए आरोपों की जांच को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक लगाए गए आरोपों पर संबंधित चिकित्साधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है।