कुंभ-2027 से पहले मध्य रेल ने खेरवाड़ी यार्ड में मजबूत किया रेल ढांचा

कुंभ-2027 से पहले मध्य रेल ने खेरवाड़ी यार्ड में मजबूत किया रेल ढांचा

संयुक्त लाइन ब्लॉक में क्रॉसओवर हटाने और नए थिक वेब स्विच व क्रॉसिंग लगाने का काम पूरा

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ-2027 में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 13 सितंबर को खेरवाड़ी यार्ड में महत्वपूर्ण ट्रैक सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इन कार्यों का उद्देश्य कुंभ के दौरान सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करना है।

मध्य रेल के अनुसार 13 सितंबर को दोपहर 1:10 बजे से 3:40 बजे तक संयुक्त अप एवं डाउन लाइन ब्लॉक लिया गया। इस दौरान सीएसएमटी छोर पर मौजूद क्रॉसओवर को बड़े पैमाने पर हटाने का कार्य किया गया। कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए आधुनिक ट्रैक मशीनों के साथ बड़ी संख्या में कुशल कर्मचारियों को तैनात किया गया था।

इसी दौरान भुसावल छोर पर थिक वेब स्विच और क्रॉसिंग लगाने का कार्य भी पूरा किया गया। सीमित ब्लॉक अवधि में सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए इंजीनियरिंग और परिचालन टीमों के बीच बेहतर समन्वय रखा गया। इसके परिणामस्वरूप निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन परिचालन को बहाल कर दिया गया।

कुंभ में बढ़ेगी यात्रियों की संख्या

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ-2027 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रेल मार्ग से पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मध्य रेल चरणबद्ध तरीके से ट्रैक और अन्य रेलवे अवसंरचना को मजबूत कर रहा है। खेरवाड़ी यार्ड में किया गया कार्य इसी व्यापक तैयारी का हिस्सा है।

मध्य रेल का कहना है कि आधुनिक ट्रैक मशीनरी, प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए महत्वपूर्ण अवसंरचना कार्यों को सुरक्षा मानकों के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है। इससे कुंभ के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को संभालने में रेल परिचालन को मजबूती मिलेगी।

मध्य रेल द्वारा कुंभ-2027 को देखते हुए रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ाने, ट्रैक व्यवस्था को मजबूत करने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुचारु रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

डॉ. स्वप्नील नीला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल ने बताया कि कुंभ की तैयारियों के तहत अवसंरचना को समयबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि आयोजन के दौरान यात्रियों का आवागमन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।