कबाड़ से जुगाड़ ने दिखाई रचनात्मकता, डीजल शेड ने तैयार की आकर्षक कलाकृतियां

लुधियाना। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत डीजल शेड लुधियाना की ओर से ?कबाड़ से जुगाड़? की अभिनव पहल की गई। इसके तहत अनुपयोगी और कबाड़ सामग्री का रचनात्मक पुनः उपयोग करते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक कलाकृतियां तैयार की गईं।

डीजल शेड के तकनीकी विशेषज्ञता से युक्त और आईएसओ प्रमाणित वेल्डरों ने करीब एक माह तक विभिन्न अनुभागों के कर्मचारियों के साथ मिलकर इन कलाकृतियों को तैयार किया। इनमें ?भारत का सिपाही?, ?समय की कीमत?, ?जुगाड़ गन? और ?जुगाड़ तोप? प्रमुख हैं। इन कलाकृतियों के जरिए कबाड़ के पुनः उपयोग के साथ पुनर्चक्रण, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का संदेश दिया गया।

तैयार की गई इन कलाकृतियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राष्ट्र के प्रति समर्पित आदर्श पार्क में प्रदर्शित किया गया है। इससे पार्क की सुंदरता बढ़ने के साथ लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी मिल रहा है।

वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, डीजल शेड लुधियाना राहुल भारती ने कर्मचारियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और उपलब्ध संसाधनों के विवेकपूर्ण पुनः उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक और पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने डीजल शेड लुधियाना के प्रयासों की सराहना करते हुए कर्मचारियों की रचनात्मकता और टीम भावना की प्रशंसा की।