कबाड़ से जुगाड़ के जरिए रेलवे ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बरेली। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में ?स्वच्छता से समृद्धि? अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे परिसरों में ?कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला? विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत विभिन्न स्थानों पर लंबे समय से पड़े अनुपयोगी रेल स्क्रैप को अलग किया गया। इसमें पुराने उपकरण, कोच के बेकार पुर्जे, लोहे के टुकड़े और अन्य धातु सामग्री शामिल रही। रेल कर्मचारियों को अनुपयोगी सामग्री का बेहतर तरीके से पुनः उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इसी क्रम में काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक पुनर्चक्रण मेला एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य स्टेशन पर प्लास्टिक कचरा पैदा करने वाले वेंडरों, कैंटीन और खान-पान स्टॉलों को अधिकृत पुनर्चक्रण संस्था से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण की जानकारी दी गई।

रेलवे अधिकारियों ने वेंडरों और अन्य हितधारकों को प्लास्टिक कचरे का जिम्मेदारीपूर्वक प्रबंधन करने तथा उसे उचित माध्यम से पुनर्चक्रण के लिए भेजने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर काठगोदाम के स्टेशन अधीक्षक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक तथा पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।