एनएफआर में 26 अक्टूबर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह, ईमानदारी और पारदर्शिता पर रहेगा जोर

एनएफआर में 26 अक्टूबर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह, ईमानदारी और पारदर्शिता पर रहेगा जोर

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संदेश देगा एनएफआर

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की विषयवस्तु ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखी गई है। इसके माध्यम से रेल प्रशासन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाले इस सप्ताह में रेल कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों के जरिए नैतिक आचरण और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

सप्ताह का शुभारंभ 26 अक्टूबर को मालीगांव स्थित पूर्वोत्तर सीमा रेलवे मुख्यालय और महाप्रबंधक (निर्माण) कार्यालय में सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ होगा। इस दौरान दोनों स्थानों पर वॉकथॉन का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं, 27 अक्टूबर को कामाख्या कोचिंग डिपो में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सतर्कता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

28 अक्टूबर को सतर्कता बुलेटिन का विमोचन किया जाएगा। इसके बाद ?अनुबंध प्रबंधन में निवारक सतर्कता? विषय पर कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें कार्यों के निष्पादन और अनुबंध प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाने तथा अनियमितताओं को रोकने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।

युवाओं में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए 29 अक्टूबर को नेताजी विद्यापीठ रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और 30 अक्टूबर को रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मालीगांव में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में यह आयोजन 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक मुख्यालय, मंडलों और निर्माण संगठन में चलाए जा रहे तीन महीने के निवारक सतर्कता अभियान का हिस्सा है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य दैनिक कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा को मजबूत करना और पारदर्शी, जवाबदेह तथा नागरिक-केंद्रित व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास बढ़ाना है।पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने यह जानकारी दी।