एटा/जलेसर: पटाखा दुकानों के लिए 67 आवेदन, लकी ड्रॉ में 50 दुकानदारों को मिला आतिशबाजी बिक्री का लाइसेंस

*एटा/जलेसर: पटाखा दुकानों के लिए 67 आवेदन, लकी ड्रॉ में 50 दुकानदारों को मिला आतिशबाजी बिक्री का लाइसेंस.!*

50 दुकानों के अतिरिक्त कहीं पटाखा दुकान संचालित मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई: एसडीएम

जलेसर। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में बुधवार को जलेसर तहसील सभागार में आतिशबाजी की 50 दुकानों का आवंटन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया गया। इस वर्ष पटाखा बिक्री के लिए कुल 67 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से लकी ड्रॉ के जरिए 50 आवेदकों को दुकान आवंटित की गई। वहीं, पर्ची में नाम नहीं निकलने से 17 आवेदकों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

जिलाधिकारी अरुणमोली एम के निर्देश पर जिला मुख्यालय सहित प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर आतिशबाजी की अधिकतम 50 दुकानों को स्वीकृति दी गई है। दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ लकी ड्रॉ के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया था।

इसी क्रम में बुधवार को उप जिलाधिकारी पीयूष रावत के निर्देशन में तहसीलदार हीरेंस कर्दम की मौजूदगी में तीन वर्षीय बालिका से लकी ड्रॉ की पर्चियां निकलवाई गईं। ड्रॉ में चयनित 50 दुकानदारों को तत्काल दुकानों के लाइसेंस प्रदान किए गए।

उप जिलाधिकारी पीयूष रावत ने बताया कि आतिशबाजी की सभी 50 दुकानें एमजीएम इंटर कॉलेज के मैदान में ही संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त नगर अथवा तहसील क्षेत्र में कहीं भी अन्य पटाखा दुकान संचालित होती पाई गई तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

*रिपोर्ट: रमेश जादौन, जलेसर (एटा)*