उदयपुर में रेलवे प्रशिक्षण को मिला आधुनिक स्वरूप, 100 कंप्यूटरों वाली सीबीटी लैब का शुभारंभ

उदयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 100 कंप्यूटरों वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। रेलवे के क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थानों में यह पहली कंप्यूटर आधारित प्रयोगशाला बताई गई है, जहां प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

महाप्रबंधक ने प्रयोगशाला के शुभारंभ के बाद वहां आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके बाद उन्होंने संस्थान के विभिन्न मॉडल कक्षों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने सभागार में प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, रेलवे की कार्यप्रणाली, संरक्षा और कार्यकुशलता से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण को मजबूत करने में आधुनिक सुविधाओं की भूमिका पर जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने संस्थान परिसर में स्थापित एलएचबी कोच मॉडल का भी निरीक्षण किया। इसके बाद कंटेंट क्रिएशन लैब (डिजिटल स्टूडियो) का उद्घाटन किया गया। इस लैब के माध्यम से आधुनिक डिजिटल माध्यमों से प्रशिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी। साथ ही आईगॉट मंच और संस्थान के सीखने के प्रबंधन तंत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री विकसित की जा सकेगी।

महाप्रबंधक ने संस्थान में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन राम देवड़ा, अजमेर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा समेत मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने संस्थान की अर्धवार्षिक साहित्यिक पत्रिका ?रेल प्रभा? का विमोचन किया। उन्होंने प्रशिक्षण के साथ साहित्यिक और राजभाषा गतिविधियों को बढ़ावा देने की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर का संदेश दिया गया।