आंधी-बारिश से बिजली लाइनों को भारी नुकसान, कई गांव 36 घंटे से अंधेरे में, जमुनिया खास से मथना जपती तक बिजली आपूर्ति ठप, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

कलीनगर। बुधवार सुबह बारिश के साथ आई तेज आंधी-तूफान ने पूरनपुर विकासखंड के मथना जपती क्षेत्र से लगे गांवों में बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवा के कारण बिजली की लाइनों और अन्य विद्युत उपकरणों को काफी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते कलीनगर बिजलीघर से जुड़े कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।कलीनगर बिजलीघर से जुड़े जमुनिया खास, मल्लपुर, न्यूरिया, मथना जपती, रानीगंज, पुरैनी दीपनगर, बांसखेड़ा और चकपुर समेत कई गांवों में 36 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में रात के समय अंधेरा होने के कारण जंगली जानवरों के साथ ही जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ जाता है। खासकर जंगल किनारे रहने वाले परिवारों को अंधेरे में घर से बाहर निकलने में भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत और आपूर्ति बहाल करने के लिए अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।