अनूप कुमार अग्रवाल ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

मुंबई। मध्य रेल में अनूप कुमार अग्रवाल ने एक अक्टूबर 2026 से अपने वर्तमान पद प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के साथ-साथ अपर महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है।

अनूप कुमार अग्रवाल वर्ष 1988 बैच के भारतीय रेल विद्युत इंजीनियर सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली से पावर इलेक्ट्रॉनिक्स में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। करीब 38 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे में सहायक विद्युत इंजीनियर के रूप में की। मुंबई में उन्होंने 10 वर्षों से अधिक समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इनमें मुंबई मंडल में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर, कलवा, कुर्ला और कल्याण में ट्रैक्शन रोलिंग स्टॉक से जुड़े दायित्व तथा मध्य रेल मुख्यालय में मुख्य विद्युत इंजीनियर, मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर और मुख्य विद्युत इंजीनियर परिचालन जैसे पद शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने लुमडिंग मंडल, भुसावल मंडल और उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे में निर्माण एवं विद्युत विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं।

नवंबर 2011 से जुलाई 2017 तक मुंबई रेल विकास निगम में प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने विश्व बैंक से वित्तपोषित मुंबई शहरी परिवहन परियोजना-द्वितीय के तहत 72 विद्युत बहु-इकाई रेक की खरीद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महाकुंभ मेला 2025 के दौरान प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान विद्युत संबंधी योजनाओं और परिचालन के प्रबंधन में उन्होंने प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रमुख के रूप में कार्य किया।

अपर महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद अनूप कुमार अग्रवाल अपने लंबे प्रशासनिक और तकनीकी अनुभव का उपयोग मध्य रेल के विकास, बेहतर कार्यकुशलता और परिचालन व्यवस्था को मजबूत करने में करेंगे।