अनंतनाग से कठुआ भेजे गए छह वैगन चावल

अनंतनाग से कठुआ के लिए छह वैगन में चावल का सफल लदान

जम्मू मंडल की माल ढुलाई में एक और उपलब्धि, करीब 7,920 बोरे चावल भेजे गए

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने माल ढुलाई को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अनंतनाग माल गोदाम से शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन के लिए छह बीसीएन वैगन में चावल का सफलतापूर्वक लदान किया गया। इन वैगनों में करीब 7,920 बोरे चावल भेजे गए हैं।

जम्मू मंडल के अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर घाटी से जम्मू क्षेत्र तक खाद्यान्न का यह परिवहन स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ रेलवे की किफायती और भरोसेमंद माल ढुलाई सेवाओं के प्रति व्यापारियों के बढ़ते विश्वास को भी दर्शाता है। कम संख्या में वैगन बुक कराने की सुविधा मिलने से छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी रेल परिवहन का लाभ मिल रहा है। इससे उन्हें पूरी मालगाड़ी बुक कराने की बाध्यता नहीं रहती।

इससे पहले शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग माल गोदाम के लिए एक बीसीएन वैगन में सीमेंट भेजा गया था। इसमें गणपति ट्रेडर्स का सीमेंट लदा था। इसके बाद व्यापारियों की ओर से तीसरा माल लदान आदेश भी दिया जा चुका है, जिससे जम्मू मंडल में माल ढुलाई के प्रति व्यापारियों की बढ़ती रुचि का पता चलता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू, उचित सिंघल ने कहा कि मंडल का लगातार प्रयास है कि कश्मीर घाटी के सभी माल गोदामों को माल लदान के लिए सक्रिय किया जाए। अनंतनाग से छह बीसीएन वैगन में चावल का लदान इसी प्रयास का परिणाम है। इससे घाटी के किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज एवं उत्पाद जम्मू सहित देश के अन्य बाजारों तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जम्मू मंडल के सभी माल गोदामों पर व्यापारियों की सुविधा के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा, त्वरित बुकिंग प्रक्रिया, समय पर वैगन उपलब्धता और चौबीसों घंटे सहायता की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। रेलवे की नई व्यापारिक नीतियों के माध्यम से माल ढुलाई को और सरल एवं सुविधाजनक बनाया गया है।

जम्मू मंडल के अनुसार, अनंतनाग से चावल का यह लदान भारतीय रेलवे के ?हर माल गोदाम से माल लदान? के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंडल भविष्य में भी माल ढुलाई को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रयास जारी रखेगा।