अजमेर मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 तेज, स्टेशनों और कार्यालय परिसरों में व्यापक सफाई

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता और कार्यस्थल सुधार गतिविधियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और आवासीय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के निर्देशन में अजमेर, आबू रोड, उदयपुर सिटी और भीलवाड़ा सहित मंडल के सभी प्रमुख एवं छोटे-बड़े स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कार्यालय परिसरों और रेलवे की अन्य इकाइयों में भी स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत स्टेशनों, शेडों और प्रशासनिक भवनों से निकलने वाले ठोस कचरे तथा ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से संग्रह, पृथक्करण और समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, कार्यालयों और यार्डों में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सामान और कबाड़ की पहचान कर उसके निस्तारण एवं नीलामी की प्रक्रिया को भी तेज किया गया है।

अनुपयोगी सामग्री हटने से खाली हुए स्थानों का सौंदर्यीकरण कर उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। रेलवे परिसरों में एकल उपयोग वाली प्लास्टिक के उन्मूलन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशनों के परिसंचारी क्षेत्रों में पौधारोपण और जल स्रोतों की सफाई के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की नवाचारपूर्ण और उत्कृष्ट पहलों को श्रेष्ठ कार्यप्रणाली के रूप में चिन्हित कर अन्य इकाइयों में भी लागू किया जा रहा है। अजमेर मंडल प्रशासन ने रेल यात्रियों से स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि ?स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत? के संकल्प को और मजबूत किया जा सके।